सीजी भास्कर, 20 मार्च |
इंदौर में गेर के बाद हुई सफाई को नगर निगम ने एक चैलेंज की तरह लिया। राजवाड़ा की सफाई के लिए एक घंटे का समय रखा था। जिसे 38 मिनट में ही पूरा कर लिया गया। यह कहना है इंदौर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा का। गुरुवार को वे संभागायुक्त ऑफिस में मीटिंग में शामिल होने आए थे।
यहां मीडिया से रुबरू होते हुए उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब दिए। सफाई व्यवस्था को लेकर पूछे सवाल पर निगमायुक्त ने कहा कि गेर का अद्भुत आयोजन होता है। नगर निगम लगातार अपने आप को चैलेंज करते हुए शहरवासियों के साथ मिलकर शहर को साफ करने, नए-नए नवाचार करने का काम करती है। इसी क्रम में बुधवार को भी गेर के आयोजन के बाद सफाई व्यवस्था को भी हमने एक चैलेंज की तरह लिया।
एक घंटे का चैलेंज, 38 मिनट में साफ किया
निगमायुक्त ने कहा कि हमने राजवाड़ा को साफ करने के लिए 1 घंटे का चैलेंज लिया था, लेकिन हमारी टीम और शहरवासियों की मदद से 38 मिनट में ही साफ कर दिया। यह काम तभी संभव है जब शहरवासियों का सहयोग मिलता है। शहरवासी मिलकर शहर को साफ करते है तो निश्चित ही अच्छे नतीजे आते है जो कल हमें देखने को मिले।
500 लोगों की टीम और संसाधन लगाए
उल्लेखनीय है कि रंग पंचमी के बाद सफाई के लिए 500 से ज्यादा नगर निगम के कर्मचारी सहित कई संसाधन लगाए गए थे। गेर के बाद सफाई अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र को साफ किया गया और राजवाड़ा क्षेत्र को पहले की तरफ साफ कर दिया गया।