सीजी भास्कर 28 अगस्त
नई दिल्ली। अगर आप दक्षिण अमेरिका के खूबसूरत देश अर्जेंटीना घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। अर्जेंटीना सरकार ने भारतीय यात्रियों के लिए वीजा नियमों में बड़ा बदलाव किया है।
अब जिन भारतीय नागरिकों के पास वैध अमेरिकी टूरिस्ट वीजा है, उन्हें अर्जेंटीना जाने के लिए अलग से वीजा आवेदन करने की ज़रूरत नहीं होगी।अर्जेंटीना सरकार का नया ऐलान
भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउसिनो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की कि अमेरिकी वीजा धारक भारतीय अब सीधे अर्जेंटीना में प्रवेश कर सकते हैं। यह नियम आधिकारिक राजपत्र में भी प्रकाशित हो चुका है।
काउसिनो ने कहा कि यह कदम दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगा।पर्यटन और सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
अर्जेंटीना के विनियमन और राज्य परिवर्तन मंत्री फेडे स्टर्ज़नेगर ने भी इस फैसले को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि अमेरिका का वीजा रखने वाले भारतीय पर्यटकों के लिए अब अर्जेंटीना की यात्रा बेहद आसान हो जाएगी।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए कहा कि केवल 2024 में करीब 22 लाख भारतीय अमेरिका गए थे और हर साल अमेरिका भारत को 10 लाख से ज्यादा वीजा जारी करता है। ऐसे में इस नीति से बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक अर्जेंटीना की ओर आकर्षित होंगे।भारतीय यात्रियों के लिए सुनहरा मौका
विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय न सिर्फ भारतीयों की छुट्टियों को और आसान बनाएगा बल्कि अर्जेंटीना के पर्यटन उद्योग को भी नई रफ्तार देगा।
अब भारतीय यात्री अमेरिका वीजा के दम पर अर्जेंटीना की शानदार प्राकृतिक खूबसूरती, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों का आनंद ले सकेंगे।

