सीजी भास्कर, 14 जनवरी। राजधानी रायपुर में धान खरीदी (Paddy Purchase Irregularities Raipur) और उठाव प्रक्रिया में अनियमितता के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन की संयुक्त टीम ने 200 क्विंटल धान से लोड एक ट्रक जब्त करते हुए संबंधित राइस मिल को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सर्तक ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, सर्तक ऐप पर दर्ज शिकायत के बाद जिला प्रशासन की टीम सेवा सहकारी समिति के सदस्यों के साथ धरसीवां विकासखंड के ग्राम दोंदेकला पहुंची। मौके पर की गई जांच में धान खरीदी और परिवहन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। प्राथमिक कृषि साख सेवा सहकारी समिति क्षेत्र में जांच के दौरान पीडी राइस मिल से संबंधित 500 कट्टा धान और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया, जबकि राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
तीन दिन के भीतर शिकायतों का निराकरण
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले में धान उपार्जन केंद्रों, राइस मिलों और समितियों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सर्तक ऐप से प्राप्त शिकायतों का तीन दिनों के भीतर समाधान अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। इस तकनीकी पहल से धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ी है और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी है।
धान खरीदी और परिवहन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य शासन ने धान खरीदी (Paddy Purchase Irregularities Raipur) व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सर्तक ऐप लागू किया है। इसके माध्यम से धान खरीदी, भंडारण और परिवहन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। जीपीएस तकनीक से धान परिवहन में लगे वाहनों की ट्रैकिंग की जा रही है, जबकि संवेदनशील उपार्जन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए सतत निगरानी रखी जा रही है।
अनियमितता पर राइस मिलें होंगी ब्लैकलिस्ट
अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने बताया कि सर्तक ऐप (Paddy Purchase Irregularities Raipur) के माध्यम से मिली शिकायतों पर राजस्व, मंडी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच की जाएगी। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित राइस मिलों को ब्लैकलिस्ट करने के साथ-साथ सील करने और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया को किसान-हितैषी, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।


