सीजी भास्कर, 18 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है। (PM Janman Yojana Chhattisgarh) और आदि कर्मयोगी अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राज्य को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य’ घोषित किया गया। राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान राज्य सरकार की ओर से प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री जुआल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके और सचिव विभु नायर भी उपस्थित रहे। प्रमुख सचिव बोरा ने मंच से प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ में किए जा रहे जनजातीय विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे प्रयासों ने दूरस्थ अंचलों तक विकास की रोशनी पहुंचाई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों और फील्ड टीम को बधाई देते हुए कहा — “यह सम्मान हमारे उन कर्मयोगियों के समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने जनजातीय सशक्तिकरण को धरातल पर साकार किया है।” उन्होंने कहा कि (PM Janman Yojana Chhattisgarh) राज्य में सामाजिक और आर्थिक बदलाव की नई मिसाल बन चुकी है।
आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय कल्याण की योजनाएं वास्तविक रूप में गांवों तक पहुंची हैं। धमतरी, कोरिया, बालोद, दंतेवाड़ा और मोहला-मानपुर जिलों को भी आदि कर्मयोगी अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इसी कार्यक्रम में राज्य के स्टेट ट्रेनर ललित शुक्ला को व्यक्तिगत श्रेणी में पुरस्कार मिला।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ ने हाल के वर्षों में जनजातीय शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पीएम जनमन योजना और आदि कर्मयोगी अभियान ने न केवल जनजातीय जीवन स्तर सुधारा है, बल्कि राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित किया है।