सीजी भास्कर, 26 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi Chhattisgarh Visit) छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के राज्योत्सव समारोह में शामिल होने के लिए 31 अक्टूबर की देर रात रायपुर पहुंचेंगे। उनके सभी कार्यक्रम एक नवंबर को नवा रायपुर में होंगे। सूत्रों के अनुसार पहले उनका दो दिवसीय कार्यक्रम तय था, लेकिन बिहार चुनाव में व्यस्तता के कारण 31 अक्टूबर को श्री सत्य साईं अस्पताल में प्रस्तावित कार्यक्रम अब एक नवंबर को ही होगा।
प्रधानमंत्री सुबह नौ बजे सत्य साईं अस्पताल में बच्चों से मुलाकात करेंगे। वे निश्शुल्क हृदय उपचार प्राप्त कर चुके लगभग ढाई हजार बच्चों से रूबरू होंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवीन भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव (PM Modi Chhattisgarh Visit) का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान उनका रोड शो भी होगा। नवा रायपुर में निर्मित इस म्यूजियम को आम जनता के हवाले करेंगे। साथ ही प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान के नए भवन का लोकार्पण भी करेंगे।
रोड शो और भव्य स्वागत : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Modi Chhattisgarh Visit) के स्वागत में नवा रायपुर में एक रोड शो आयोजित होगा। रोड शो के मार्गों पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, लोक परंपरा और विकास योजनाओं की झलक दिखाने वाले 12 आकर्षक स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि से बना छत्तीसगढ़ आज विकास के मार्ग पर अग्रसर है। राज्योत्सव के मौके पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जो पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा और राज्य निर्माण की गाथा को प्रदर्शित करेगी।
राजधानी नवा रायपुर में पांच दिवसीय राज्योत्सव होगा, जबकि जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय राज्योत्सव मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा छत्तीसगढ़ राज्य गठन की रजत जयंती के अवसर पर एक विशेष जुड़ाव को दर्शाता है, जिसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने स्वयं दिल्ली जाकर उन्हें आमंत्रित किया था।
नवीन विधानसभा भवन : रजत जयंती का आकर्षण
प्रधानमंत्री मोदी सुबह 10 बजे नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। 324 करोड़ रुपये की लागत से, पांच लाख वर्गफुट में बनी यह इमारत प्राकृतिक रोशनी और ऊर्जा बचत को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। फिलहाल 200 सीटिंग क्षमता वाले हाल में 45 डबल सीटर सोफे लगाए गए हैं। 24 मंत्रियों के कक्ष (जिनमें से अभी 14 चालू होंगे) और विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम के लिए अलग-अलग कक्ष बने हैं। दर्शक दीर्घा में 500 और मीडिया के लिए 50-50 सीटों की अलग व्यवस्था है। भवन में नीचे म्यूजियम और पास में 1000 सीट का आडिटोरियम होगा। यहां आयुर्वेदिक, एलोपैथिक और होम्योपैथिक अस्पताल भी संचालित होंगे। परिसर में 700 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी।


