सीजी भास्कर, 2 सितंबर : वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बिहार के दरभंगा में रोड शो में इस्तेमाल होने के बाद गायब बाइक के मालिक से (Rahul Gandhi Bike News) राहुल गांधी ने पटना में मुलाकात की। उन्होंने सोमवार को सभा के दौरान मंच पर बुलाकर दरभंगा जिले के चुनाभट्टी निवासी शुभम सौरव से बात की और उन्हें नई पल्सर बाइक की चाबी सौंपी।
इसकी तस्वीर और वीडियो देर शाम इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। इसमें शुभम को यह कहते हुए देखा जा रहा कि उन्हें बाइक की चाबी मिलने की काफी खुशी है। हालांकि, शुभम की गायब बाइक अभी तक नहीं मिली है।
शुभम से मोबाइल पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। शुभम के मामा शाहपुर निवासी पिंटू राय ने बताया कि उनके भांजे को नई बाइक पटना में दी गई है।बता दें कि शुभम से उनकी पल्सर बाइक वोटर अधिकार यात्रा के रोड शो के लिए (Rahul Gandhi Bike News) राहुल गांधी के सुरक्षा कर्मियों ने ली थी। दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन पर 27 अगस्त को रोड शो में शुभम की बाइक का सुरक्षा कर्मी ने इस्तेमाल किया था। आसपास से उनकी बाइक के अलावा सात मोटरसाइकिल मांगकर रोड शो में शामिल की गई थीं।
कुछ देर में सभी को बाइक वापस करने की बात कही गई, लेकिन राहुल का रोड शो खत्म होने के बाद भी जब बाइक वापस नहीं मिली तो सभी अपनी बाइक खोजने के लिए यात्रा के पीछे-पीछे दौड़ पड़े।इस बीच कुछ बाइक सड़क किनारे गिरी मिली तो कुछ मुजफ्फरपुर में लाक लगाकर खड़ी की गई थीं। शुभम की बाइक नहीं मिली। सुरक्षा कर्मी से संपर्क करने पर मुजफ्फरपुर बुलाया गया, इसके बाद सीतामढ़ी, फिर मोतिहारी, लेकिन किसी की मुलाकात नहीं हुई। इसके बाद इस मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाया गया।
शुभम की पल्सर बाइक उनके ससुर शुभंकरपुर निवासी अनिल कुमार के नाम से निबंधित है। इधर, मब्बी थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि उनके यहां अब तक कोई लिखित आवेदन (Rahul Gandhi Bike News) के संबंध में नहीं मिला है।


