सीजी भास्कर, 26 मार्च। राजधानी Raipur में अवैध गैस परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 45 कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चिचोली स्थित “शान ए पंजाब ढाबा” के पास एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में कॉमर्शियल सिलेंडर लोड कर संदिग्ध गतिविधि की जा रही है। बताया गया कि वाहन में सवार दो व्यक्ति सिलेंडर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर खड़े वाहन को घेराबंदी कर जांच शुरू की।
वाहन से मिले भरे और खाली सिलेंडर
जांच के दौरान पिकअप (CG 04 QK 6282) के डाला में अलग-अलग प्रकार के सिलेंडर पाए गए। इनमें एक खाली इंडियन कंपनी का सिलेंडर, 37 भरे हुए और 7 खाली “श्री छत्तीसगढ़ गैस” लिखे 21 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर शामिल थे। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने से पुलिस को अवैध कारोबार की आशंका हुई।
दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस ने वाहन चालक गिनेश्वर प्रसाद साहू और कंडक्टर लादूराम से सिलेंडरों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने बताया कि सभी दस्तावेज वाहन मालिक भूपेश्वर प्रसाद साहू के पास हैं और वे उसी के निर्देश पर काम कर रहे थे।
वाहन और सिलेंडर जब्त
पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन और लगभग 74 हजार रुपये मूल्य के सिलेंडर जब्त कर लिए। कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की गई। इसके बाद मामला खाद्य विभाग से संबंधित होने के कारण आगे की जांच के लिए खाद्य निरीक्षक को सौंप दिया गया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ अवैध परिवहन तक सीमित नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर गैस कारोबार से जुड़ा हो सकता है।


