सीजी भास्कर, 31 अक्टूबर। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़फोड़ (Raipur Protest News) के विरोध में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा बुलाए गए बंद को लेकर पुलिस ने एहतियातन कड़े कदम उठाए हैं। शहर में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया गया है। इनमें संगठन के अध्यक्ष अमित बघेल भी शामिल हैं।
पुलिस ने चंद्राकर हॉस्टल, महादेव घाट रोड स्थित परिसर को पूरी तरह घेर लिया है और प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, अमित बघेल (Raipur Protest News) और अन्य पदाधिकारी हॉस्टल के अंदर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
रायपुर बंद का आंशिक असर, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हालांकि बंद के समर्थन में चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भाग नहीं लिया है, इसलिए ज्यादातर दुकानें खुली रहीं। पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी के बीच बाजारों, बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा बल तैनात हैं। शहर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़ और महासमुंद जिलों में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या हिंसक प्रदर्शन (Raipur Protest News) की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस की कई टीमें निगरानी के लिए पेट्रोलिंग कर रही हैं।
FIR और गिरफ्तारी की कार्रवाई
इससे पहले, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल द्वारा महाराजा अग्रसेन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के खिलाफ कथित रूप से अपशब्द कहने पर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मामले में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इसी बीच रायगढ़ जिले में सतनामी समाज के गुरु के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले सिंधी समाज के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सिंधी समाज ने आरोपी युवक को समाज से बहिष्कृत कर दिया है, जबकि सतनामी समाज ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


