सीजी भास्कर, 9 जनवरी। राजनांदगांव जिले के सुंदरा में स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के मेस (Rajnandgaon Dental College Mess) में छात्रों को परोसे गए खाने में मेंढक मिलने का मामला उजागर हुआ है। यह घटना 7 जनवरी की है। रात के समय जब छात्र मेस में डिनर करने पहुंचे, तभी एक छात्र की थाली में मरा हुआ मेंढक देखा गया। यह मामला लालबाग ग्रामीण थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मूंग की दाल में मेंढक पूरी तरह पक गया था। शिकायत के बाद फूड एवं सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देखा कि थाली में परोसे गए चावल में भी इल्ली-कीड़ा मरा हुआ पड़ा था। साथ ही मेस में साफ-सफाई की कमी और ज्यादातर अनाज की एक्सपायरी डेट का उपयोग देखा गया।
कारण बताओ नोटिस जारी
छात्रों की शिकायत पर फूड एवं सेफ्टी विभाग ने मेस का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेस में कई एक्सपायरी खाद्य सामग्री भी पाई गई। विभाग ने स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर मेस संचालित करने वाली संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया। यह कार्रवाई छात्रों के स्वास्थ्य और संभावित जोखिम को ध्यान में रखकर की गई है।
डीन बोले- शिकायत की जांच होगी
छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज के डीन डॉक्टर एसके नंदा ने बताया कि मेस (Rajnandgaon Dental College Mess) में परोसे गए भोजन में मृत मेंढक मिलने की शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि संस्था को समय-समय पर सफाई का पूरा ध्यान रखने की हिदायत दी जाती है। हालांकि, उन्होंने एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने की जानकारी से इनकार किया।
अन्य राज्यों के स्टूडेंट भी पढ़ने आते हैं
कॉलेज में अलग-अलग राज्यों से विद्यार्थी पढ़ाई के लिए आते हैं और खाने के लिए पूरी तरह मेस पर निर्भर रहते हैं। इस घटना के सामने आने के बाद अब स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। छात्रों ने कहा कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से मेस में फूड पॉइजनिंग और बैक्टीरियल इन्फेक्शन जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने बताया कि डेंटल कॉलेज के भोजन में मेंढक पाए जाने की शिकायत पर जांच टीम मौके पर पहुंची थी और वहां से खाद्य पदार्थों का सैंपल लिया गया। कुछ कमियों को लेकर नोटिस भी जारी किया गया है। हालांकि, एक्सपायरी खाद्य पदार्थ जब्त नहीं किए गए।


