सीजी भास्कर, 16 फरवरी। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव से जुड़े 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट में एक बार फिर (Rajpal Yadav Case) सुनवाई हुई। अदालत ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि यदि अभिनेता आज दोपहर 3 बजे तक 1.5 करोड़ रुपये की राशि जमा कर देते हैं, तो उन्हें आज ही रिहा किया जा सकता है। कोर्ट फिलहाल स्थगित है और 3 बजे के बाद दोबारा सुनवाई होगी।
यह मामला वर्ष 2012 में रिलीज हुई फिल्म अता पता लापता से जुड़े वित्तीय विवाद का है, जो राजपाल यादव के बैनर तले बनी थी और बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म थी। अदालती रिकॉर्ड के अनुसार फिल्म के निर्माण के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी, जिसके चलते ऋण समय पर नहीं चुकाया जा सका। इसके बाद कर्जदाता पक्ष ने कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
इस मामले में बीते वर्षों में कई बार सुनवाई हुई और अदालत ने बकाया राशि के भुगतान के निर्देश (Rajpal Yadav Case) दिए थे। तय समयसीमा में आदेशों का पालन नहीं होने पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया। वर्ष 2018 में अदालत के आदेशों की अवहेलना के चलते राजपाल यादव को सजा सुनाई गई थी और उन्हें कुछ समय के लिए तिहाड़ जेल भी भेजा गया था। इसी प्रकरण में अदालत ने उन्हें 6 फरवरी 2026 को दोबारा तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का निर्देश दिया था।
आज 16 फरवरी 2026 को जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष ने अपनी-अपनी दलीलें पेश कीं। सुनवाई के बाद अदालत ने 1.5 करोड़ रुपये जमा करने की शर्त रखते हुए यह स्पष्ट किया कि शर्त पूरी होने पर अभिनेता को राहत दी जा सकती है। अब सभी की नजरें दोपहर 3 बजे होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।
इस बीच बॉलीवुड से राजपाल यादव को समर्थन मिल (Rajpal Yadav Case) रहा है। अभिनेता सोनू सूद ने भी उनके लिए दुआ करने की बात कही है। मामले में आगे क्या फैसला आता है, यह आने वाले कुछ घंटों में साफ हो जाएगा।





