सीजी भास्कर 3 अप्रैल Ramayan Movie Teaser : भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे भव्य और महंगी फिल्म मानी जा रही ‘रामायण’ इन दिनों सुर्खियों में है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्साह है, लेकिन हाल ही में जारी हुए इसके टीजर और किरदारों के लुक ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। फिल्म के विजुअल्स की जहां एक ओर सराहना हो रही है, वहीं बॉलीवुड के एक मशहूर डायरेक्टर के बयान ने इस पूरे मामले में विवाद का तड़का लगा दिया है।
डायरेक्टर संजय गुप्ता के पोस्ट से मचा बवाल
‘कांटे’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके संजय गुप्ता ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी कहावत लिखी है, जिसे सीधे तौर पर ‘रामायण’ से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा— “खोदा पहाड़, निकली चुहिया”। हालांकि उन्होंने अपने संदेश में फिल्म या अभिनेता रणबीर कपूर का नाम कहीं नहीं लिया, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘रामायण’ के टीजर पर किया गया कटाक्ष माना है।
सोशल मीडिया पर दर्शकों ने सिखाया सबक
संजय गुप्ता के इस रहस्यमयी पोस्ट के बाद इंटरनेट पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। ‘रामायण’ के प्रशंसकों को यह तुलना रास नहीं आई और उन्होंने डायरेक्टर की अपनी फिल्मों के ट्रैक रिकॉर्ड पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कई यूजर्स ने लिखा कि जो खुद कुछ नया नहीं कर पाते, वे दूसरों की मेहनत का मजाक उड़ाते हैं। लोगों ने संजय गुप्ता को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि उन्हें ऐसी महान गाथा पर आधारित फिल्म के प्रति सम्मान दिखाना चाहिए।
दीवाली पर रिलीज होगी रणबीर कपूर की ‘रामायण’
करीब 4000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट से तैयार हो रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म के किरदारों की पहली झलक पेश की गई थी। इस मेगा प्रोजेक्ट में साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। जानकारी के अनुसार, मेकर्स इस साल दीवाली के शुभ अवसर पर फिल्म को बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी कर रहे हैं।


