सीजी भास्कर, 2 जनवरी। भिलाई क्षेत्र में संचालित शासकीय उचित मूल्य की चार राशन दुकानों (Ration Rice Stock Scam Bhilai) में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है। जांच के दौरान इन दुकानों के स्टॉक से कुल 1630 क्विंटल चावल कम पाया गया।
शिकायत मिलने के बाद खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राशन दुकानों का निरीक्षण किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने भिलाई के सेक्टर-4 और सेक्टर-5 में संचालित शासकीय राशन दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला खाद्य अधिकारी और सहायक खाद्य अधिकारी सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में यह भी पाया गया कि दुकानों में मूल्य सूची बोर्ड का प्रदर्शन नहीं किया गया था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
निरीक्षण के दौरान सेक्टर-4 स्थित एक राशन दुकान बंद मिली। वहीं सेक्टर-4 में संचालित दुकान क्रमांक 431004230 और 431004231 में संयुक्त रूप से लगभग 300 क्विंटल चावल का स्टॉक कम पाया गया।
इसके अलावा दुकान क्रमांक 431004260 में 430 क्विंटल और दुकान क्रमांक 431004137 में सबसे अधिक 900 क्विंटल चावल स्टॉक से कम मिला। इस तरह कुल चार दुकानों में 1630 क्विंटल चावल की कमी सामने आई, जिसे गंभीर अनियमितता माना जा रहा है। यह मामला (Ration Rice Stock Scam Bhilai) से जुड़ा होने की आशंका को मजबूत करता है।
गोदाम से बाहर निकलवाया गया चावल का स्टॉक
निरीक्षण के दौरान सेक्टर-4 स्थित एक राशन दुकान के गोदाम में चावल की जांच के लिए खाद्य आयोग अध्यक्ष और अधिकारियों ने गोदाम के भीतर रखे गए चावल के कट्टों को बाहर निकलवाया।
इसके लिए हमाल बुलवाकर स्टेक हटवाया गया। दरअसल जिस गोदाम में चावल का भंडारण किया गया था, उसकी जगह काफी छोटी थी, जिससे आवंटन के अनुरूप स्टॉक का भंडारण संभव नहीं दिख रहा था। इसी आधार पर पहले ही स्टॉक कम होने की आशंका जताई जा रही थी, जो जांच में सही साबित हुई।
खाद्य आयोग अध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब और पात्र हितग्राहियों के हिस्से का अनाज गायब होना गंभीर विषय है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी राशन दुकानदारों और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


