सीजी भास्कर, 29 नवंबर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने 2023 के रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा टॉप पर रविशंकर वर्मा मूलत: कोसमंदी पलारी बलौदा बाजार जिले के रहने वाले है जिनके पिता किसान हैं। आपको बता दें कि 2023 की मुख्य परीक्षा में कुल 3 हजार 597 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। लिखित परीक्षा का आयोजन 24, 25, 26 और 27 जून 2024 को किया गया था और परीक्षा परिणाम 29 नवंबर 2024 को जारी किया गया है।
गौरतलब हो कि छत्तीसगढ लोक सेवा आयोग के राज्य सिविल सेवा भर्ती परीक्षा 2021 के भर्ती को लेकर विवाद है। इसमें पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी और उद्योगपति श्रवण कुमार गोयल की गिरफ्तारी भी हो गई है। 2021 में 171 पदों भर्ती हुई। सूची में से 18 ऐसे नामों को आरोप पत्र के जरिए सार्वजनिक किया गया था, जो कि रसूखदारों से जुड़े रहे।
छत्तीसगढ़ शासन के अधीनस्थ विभाग के अंतर्गत विभिन्न 17 सेवाओं के लिए कुल 242 पद पर विज्ञापन जारी किया गया था। लिखित परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर कुल 703 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया गया था, फिर साक्षात्कार 18 से 28 नवंबर तक दो पालियों में हुआ।
छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव सरकार आने के बाद CGPSC के यह पहले परिणाम जारी किए गए हैं जिसमें टाप-10 सूची में छह पुरूष, जबकि चार महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। जारी परिणाम में इस बार पांच ओबीसी और पांच जनरल के अभ्यर्थियों ने टाप-10 में जगह बनाई है। प्रथम स्थान बनाने वाले रविशंकर वर्मा का 2021 की सीजीपीएससी परीक्षा से रोजगार अधिकारी के रूप में भी चयन हो चुका है। वो अभी कोरिया जिले में ट्रेनिंग पर थे। रविशंकर इससे पहले नोएडा में एक प्राइवेट कंपनी में भी काम करते थे। 2022 में सीजीपीएससी में चयन होने के बाद नोएडा से आ गए। रविशंकर के पिता बालकृष्ण वर्मा किसान है। वहीं माता योगेश्वरी साहू गृहणी है। रविशंकर चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। परिवार में सबसे बड़ा भाई है, जो कि प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। वहीं दोनों बहन शिक्षिका हैं, जिनकी शादी हो गई है। रविशंकर ने कुसमुंदा गांव में शासकीय स्कूल में पहली से आठवीं तक पढ़ाई की है। नौवीं से बारहवीं तक कालीबाड़ी स्कूल रायपुर में पढ़ाई की है। इसके बाद कालेज एनआइटी रायपुर से की है। जारी मेरिट में रविशंकर वर्मा ने ओबीसी 803.5, मृणमयी शुक्ला सामान्य 798, आस्था शर्मा सामान्य 783.5, किरण राजपूत सामान्य 773, नंदिनी ओबीसी 772.5, सोनल यादव ओबीसी 772, दिव्यांश सिंह चौहान सामान्य 771, शशांक कुमार सामान्य 768.5, पुनीत राम ओबीसी 768, उत्तम कुमार ओबीसी ने 766.5 अंक हासिल किए हैं। सीजी पीएससी 2023 में डिप्टी कलेक्टर, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त सेवा अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला पंजीयक, राज्य कर सहायक आयुक्त, अधीक्षक जेल जिला, सहायक संचालक आदिम जाती तथा अनुसूचित जनजाति, सहायक पंजीयक, जिला सेनानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, छत्तीसगढ़ अधीनस्थ लेखा सेवा अधिकारी, नायाब तहसीलदार, राज्य कर निरीक्षक, सहायक निरीक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी के पद शामिल हैं।
आपको बता दें कि सीजीपीएससी 2023 के तहत साक्षात्कार 100 अंकों का हुआ। इस बार साक्षात्कार के अंकों में बदलाव किया गया था। पहले इसके लिए 150 नंबर निर्धारित थे। 50 नंबर की कटौती होने से इस बार फाइनल मेरिट लिस्ट 1500 नंबर के आधार पर बनी है क्योंकि मुख्य परीक्षा में सात पेपर हुए थे। प्रत्येक पेपर 200 अंक का था। इस तरह से मुख्य परीक्षा 1400 अंकों के लिए हुई थी। साक्षात्कार 100 अंक जोड़ने पर 1500 अंक हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2023 में हुए सफल अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधे पर छत्तीसगढ़़ के विकास की महती जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री साय ने उम्मीद जताई कि राज्य सेवा परीक्षा में चयनित युवा शासकीय सेवा में आकर पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने चयनित युवाओं को पूरी तन्मयता से कार्य करते हुए छत्तीसगढ़़ के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने की अपील की है।