सीजी भास्कर, 31 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी (Rice Millers Meeting Chhattisgarh) ने जिले के सभी राइस मिलर्स की बैठक लेकर कस्टम मिलिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राइस मिलर्स निर्धारित समय सीमा के भीतर नागरिक आपूर्ति निगम में बकाया चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आगामी धान खरीदी सत्र को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार का पेंडिंग कार्य शेष नहीं रहना चाहिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बारदाना उपलब्धता की स्थिति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले के 38 राइस मिलर्स को कस्टम मिलिंग के बाद नागरिक आपूर्ति निगम (Rice Millers Meeting Chhattisgarh) में चावल जमा करने की जिम्मेदारी दी गई है।
87.93 प्रतिशत कस्टम मिलिंग कार्य पूर्ण
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए बलौदाबाज़ार जिले में कुल 94,573.88 टन चावल का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध अब तक जिले में 83,161.43 टन चावल जमा किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 87.93 प्रतिशत है। अभी 11,412.45 टन चावल जमा किया जाना शेष है। कलेक्टर ने राइस मिलर्स को निर्देश दिए कि शेष चावल को जल्द से जल्द (Rice Millers Meeting Chhattisgarh) नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करें, ताकि आगामी धान खरीदी सत्र की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों और मिलर्स को दिए स्पष्ट निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश में खाद्यान्न वितरण और संग्रहण की प्रक्रिया समय पर पूरी हो। उन्होंने सभी मिलर्स से पारदर्शी कार्यशैली अपनाने और सहयोगात्मक रवैया बनाए रखने की अपील की। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी राइस मिल में मिलिंग प्रक्रिया की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल रिपोर्ट दी जाए। बैठक में जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा, जिला विपणन अधिकारी देवांगन, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक भूपेश शर्मा सहित जिले के सभी राइस मिलर्स मौजूद थे। कलेक्टर ने अंत में कहा कि समय पर चावल जमा करने वाले मिलर्स को आगामी सत्र में प्राथमिकता दी जाएगी।


