सीजी भास्कर, 29 दिसंबर। पूरे देश में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन 1 से 31 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ सहित समस्त राज्यों में सड़क सुरक्षा (Road Safety) को लेकर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्य के सभी जिलों में इस दौरान नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट उपयोग और सुरक्षित वाहन संचालन (Road Safety) के महत्व के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच शिविर, स्कूल डे, स्लोगन, निबंध, चित्रकला एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ई-रिक्शा, ऑटो और बस चालकों के लिए विशेष प्रशिक्षण, एम्बुलेंस ड्राइविंग ट्रेनिंग, वाहनों की फिटनेस जांच और रेडियम स्ट्रिप्स का रखरखाव भी किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा माह में शराब सेवन कर वाहन चलाने के दुष्परिणामों पर जागरूकता बढ़ाने के लिए रैलियों का आयोजन, ग्राम चौपालों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, गंभीर सड़क दुर्घटना स्थलों का चिन्हांकन तथा सड़क सुरक्षा मितानों का प्रशिक्षण भी शामिल है। युवाओं को फिट और सतर्क रखने के लिए एरोबिक्स-जुंबा गतिविधियों के माध्यम से ‘स्वस्थ शरीर – स्वस्थ मन, सुरक्षित जन’ विषय पर कार्यक्रम होंगे। हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों को प्रोत्साहित करने के लिए टॉफी वितरण भी किया जाएगा।
1 जनवरी 2026 को रायपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सर्किट हाउस के समीप शाम 5 बजे सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष अभय मनोहर सप्रे की उपस्थिति में हेलमेट और बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, हेलमेट उपयोग और सुरक्षित वाहन संचालन (Road Safety) के संदेश को व्यापक स्तर पर आम नागरिकों तक पहुंचाएगी।
सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर भिलाई में भी हाल ही में मैराथन आयोजित किया गया, जिसे सड़क सुरक्षा छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष संजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन के उपरांत सड़क सुरक्षा विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
इस प्रकार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत पूरे राज्य और देश में विभिन्न स्तरों पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे नागरिक सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे, दुर्घटनाओं की संख्या घटेगी और सड़क पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित होगा। इस अभियान के माध्यम से सरकार और नागरिक मिलकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित परिवहन (Road Safety) सुनिश्चित करने के प्रयास करेंगे।






