सीजी भास्कर, 19 मार्च |
बांदरी के पास पिछले सप्ताह मिले शनिचरी के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस की पूर्व विधायक के बेटे सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने पुरानी डफरिन अस्पताल के पीछे युवक को पहले शराब पिलाकर गोली मारी, फिर उसकी लाश को कार में रखकर बांदरी में नदी के पास फेंककर भाग गए। हालांकि मृतक भी बदमाश किस्म का था।
ऐसे पता चला घटना का
- बांदरी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह बुंदेला ने बताया कि 16 मार्च को मेहर नदी के पास पालीथिन में लिपटा एक युवक का शव मिला था।
- उसकी शिनाख्त शनिचरी निवासी 32 वर्षीय देवा बाल्मिकी के रूप में की गई। मृतक के सिर में पीछे से गोली मारी गई थी। पुलिस ने शव का पीएम कराकर स्वजन को सौंप दिया।
- इस अंधेकत्ल का राजफाश करने के लिए पुलिस ने अज्ञात आरोपित पर हत्या का मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
- पहले मृतक का रिकार्ड निकाला गया, जिसमें पता चला कि देवा खुद आपराधिक किस्म का था। उस पर गोपालगंज थाने में 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज थे।
- पुलिस ने देवा के करीबियों से पूछताछ की। इसमें देवा के साथी बंटी ठाकुर ने बताया कि 15 मार्च की रात को वह देवा को जतिन मौर्य के घर के पास उसे छोड़कर गया था।
जतिन से हुआ था देवा का विवाद
- पुलिस ने शनिचरी से बांदरी की ओर जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
- इसमें जतिन मौर्य की कार दिखाई दी। पुलिस ने जतिन से पूछताछ की।
- इसमें पता चला कि घटना के कुछ दिन पहले ही जतिन से देवा का विवाद हुआ था।
- देवा अक्सर जतिन को परेशान करता था।
- विवाद के दौरान एक दिन देवा के जतिन के घर का गेट भी तोड़ दिया था।
- बार-बार परेशान करने पर से जतिन ने अपने साथी राजा और इक्को के साथ मिलकर देवा को मारने की योजना बनाई।
शव को पॉलीथिन में लपेटा था
- पहले जतिन ने देवा को डफरिन अस्पताल के खंडहर पर अकेले बुलाया, इसके बाद उसे शराब पिलाई, इसी दौरान रात करीब साढ़े दस बजे जतिन ने देवा के सिर में पीछे से प्वाइंट टू टू की राइफल से गोली मार दी।
- देवा की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों ने देवा के शव को एक पाॅलीथिन में लपेटा और उसे अपनी क्रेटा कार में रखकर शनिचरी से बांदरी रोड पर मेहर के पास ले गया।
- जहां तीनों ने पाॅलीथिन में लपेटे देवा के शव को नदी के पास फेंका और वापस सागर आ गए।
- पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपितों को शनिचरी के गिरफ्तार कर लिया। जहां गुरुवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।