Sakti Police Raid :छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में पुलिस ने जुआरियों को पकड़ने के लिए एक बेहद दिलचस्प और फिल्मी तरीका अपनाया। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कानाकोट के पास नहर किनारे बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। जुआरियों के मुखबिरों (वॉचर्स) को चकमा देने के लिए पुलिस टीम बाराती बनकर कारों में पहुंची। जुआरी जब तक कुछ समझ पाते, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
एसपी के निर्देश पर बड़ी स्ट्राइक
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर एएसपी पंकज पटेल, एसडीओपी डभरा सुमित गुप्ता और थाना प्रभारी राजेश पटेल के मार्गदर्शन में रणनीति तैयार की गई।
चौकी प्रभारी अनवर अली के नेतृत्व में टीम ने कानाकोट खार नहर किनारे चल रहे ‘काटपत्ती’ जुए पर रेड मारी। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर 8 आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया, जबकि 3 अन्य आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
बरामदगी: कैश के साथ लग्जरी कारें भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मशरूका बरामद किया है:
- नगद राशि: ₹26,000 नगद।
- मोबाइल: ₹1 लाख की कीमत के 7 स्मार्टफोन।
- वाहन: घटनास्थल से दो कारें बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹30 लाख है। कुल बरामदगी का मूल्य लगभग ₹31 लाख से अधिक बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पकड़े गए आरोपी सक्ती और पड़ोसी जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रहने वाले हैं:
- दीपक कुमार साहु (सारंगढ़)
- शिवम साहु (सारंगढ़)
- संजय साहु (सारंगढ़)
- भेषज किशोर साहु (सक्ती)
- देवेंद्र साहू (डभरा)
- विरेन्द्र कुर्रे (सक्ती)
- राकेश कुमार सान्डे (सक्ती)
- दीपक कुमार चन्द्रा (सक्ती)
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फरार 3 आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


