सीजी भास्कर, 6 जनवरी। सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं से समृद्ध माना जाता है। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक रुचि और अपार क्षमता को पहचानकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा ओलंपिक 2025-26 (Sarguja Olympic 2025-26) का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक सशक्त और सुनहरा अवसर बनेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार तथा खेल मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) अरुण साव के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रतियोगिता क्षेत्रीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगी। सरगुजा ओलंपिक न केवल खेलों को बढ़ावा देगा, बल्कि शासन और जनता के बीच प्रत्यक्ष संवाद एवं विश्वास को भी मजबूत करेगा।
सरगुजा ओलंपिक 2025-26 को विकासखण्ड, जिला और संभाग स्तर पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह आयोजन युवाओं की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करेगा।
पंजीयन और आयोजन की तिथियां
सरगुजा ओलंपिक के लिए 12 खेल विधाओं में पंजीयन की प्रक्रिया 28 दिसम्बर 2025 से 12 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताएं 15 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक, जिला स्तरीय आयोजन 22 जनवरी से 25 जनवरी 2026 तक तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। आवश्यकतानुसार खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अनुमति से तिथियों में परिवर्तन भी संभव है।
प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन पंजीयन https://rymc.cg.gov.in/sargujaOlympic2025/ के माध्यम से किया जा सकता है, जबकि ऑफलाइन पंजीयन संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध रहेगा। कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक विकासखण्ड, जिला और गांव से अधिक से अधिक युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करें तथा आयोजन की नियमित मॉनिटरिंग करें।
12 खेलों में होगी प्रतिस्पर्धा
सरगुजा ओलंपिक 2025-26 में कुल 12 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स (100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती और कराते शामिल हैं। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल को शामिल किया गया है।
इस ओलंपिक में सरगुजा संभाग के सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर जिले के खेल में रुचि रखने वाले खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। यह आयोजन निश्चित रूप से सरगुजा अंचल की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।





