सीजी भास्कर, 29 सितंबर। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की एक शोध रिपोर्ट ने अनुमान जताया है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आगामी मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट (SBI Report) में 25 आधार अंकों की कटौती कर सकता है। रिपोर्ट का कहना है कि महंगाई पर काबू और अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए यह फिलहाल सबसे उपयुक्त कदम होगा।
हालांकि, कुछ अन्य विशेषज्ञ इससे इतर राय रखते हैं। उनका मानना है कि मौद्रिक नीति समिति (MPC) अभी ब्याज दरों (SBI Report) में किसी बदलाव से बच सकती है और यथास्थिति बनाए रख सकती है। एमपीसी की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू होगी और अंतिम फैसला एक अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
यह नीति बैठक ऐसे समय हो रही है जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव बना हुआ है और अमेरिका (SBI Report) ने भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाने की घोषणा की है। ऐसे माहौल में केंद्रीय बैंक पर संतुलित निर्णय लेने का दबाव है।
पिछले कुछ महीनों में खुदरा महंगाई दर में गिरावट दर्ज की गई है। इसी कारण आरबीआई ने लगातार तीन बार रेपो रेट में कुल 100 आधार अंकों की कमी की थी। हालांकि, अगस्त की द्विमासिक नीति समीक्षा में बैंक ने दरों को यथावत रखा था।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस बार कटौती होती है तो कर्ज सस्ता होगा और निवेश व खपत को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, दरों में बदलाव न होने की स्थिति में यह संदेश जाएगा कि केंद्रीय बैंक सतर्कता की राह पर है।


