कोरबा में भारी बारिश के बाद उफनते दादर नाले को स्कॉर्पियो से पार करने की कोशिश करना दो युवकों के लिए भारी पड़ गया। तेज बहाव के बीच वाहन अनियंत्रित होकर नाले में बहने लगा और आधा पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
स्थानीय लोगों ने नाला पार करने से रोका था
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। भारी बारिश के कारण दादर नाले का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार करने से मना किया था, लेकिन उन्होंने वाहन से आगे बढ़ने का प्रयास किया।
तेज बहाव में अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो
स्कॉर्पियो नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव की चपेट में आ गई। वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पानी में बहने लगा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो का आधे से अधिक हिस्सा पानी में डूब गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला।
युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोग थे सवार
वाहन में अंकित श्रीवास्तव और चंद्र कुमार कश्यप सवार थे। अंकित श्रीवास्तव युवा कांग्रेस नेता हैं और छत्तीसगढ़ प्रदेश महासचिव पद के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।
अल्कोहल मीटर से जांच में नशे की पुष्टि
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों की अल्कोहल मीटर से जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
BNS और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, पुलिस लगातार लोगों से उफनते नाले और नदी को पार नहीं करने की अपील कर रही है। इसके बावजूद दोनों युवकों ने बहते पानी में स्कॉर्पियो निकालने की कोशिश की। मामले में BNS की धारा 283 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में MV Act की धारा 185 भी लगाई गई है। पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर ली है।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
पुलिस ने बारिश के दौरान लोगों से उफनते नाले, नदी और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम नहीं लेने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि तेज बहाव में वाहन कुछ ही सेकंड में नियंत्रण से बाहर हो सकता है और गंभीर हादसा हो सकता है।




