सीजी भास्कर, 05 फरवरी। जिले में स्थित एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में एक दर्दनाक हादसा (SECL Accident) सामने आया है। खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने के दौरान एक ग्रामीण की लगभग 170 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम कुदारी निवासी भगत कुमार मरावी (42 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बुधवार दोपहर को खदान के भीतर गया था। इसी दौरान गहराई में उतरते समय पैर फिसलने से वह सीधे गड्ढे में गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद एक बार फिर खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल (SECL Accident) उठने लगे हैं। मानिकपुर खदान से लगे रापाखरा, कुदारी, ढेलवाडीह, दादर मानिकपुर और भिलाई खुर्द जैसे गांवों से कोयला चोरी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों का आसानी से पहुंच जाना सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलता है।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि खदान में गिरने से मौत (SECL Accident) की पुष्टि हुई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




