सीजी भास्कर, 31 अक्टूबर। नई विधानसभा भवन के उद्घाटन के बाद अब मंत्रालय और संचालनालय के कर्मचारियों की आवाजाही के लिए नई बस परिवहन व्यवस्था लागू की जा रही है। यह व्यवस्था दिसंबर से प्रभावी होगी। इसके तहत महानदी भवन और इंद्रावती भवन के कर्मचारियों के लिए अब अलग-अलग बसें (Secretariat Bus Service) चलाई जाएंगी।
सचिवालय शिफ्टिंग और नई व्यवस्था की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, नई विधानसभा का उद्घाटन एक नवंबर को होने के बाद सचिवालय की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में शीतकालीन सत्र प्रस्तावित है। वित्त और सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार एक दिसंबर से बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जाएगा। सभी कर्मचारियों को सुबह 10 बजे तक कार्यालय पहुंचना अनिवार्य होगा। इसी वजह से बसों के समय में बदलाव किया जा रहा है।
समय और रूट में बदलाव
वर्तमान में 65 से 70 बसें मंत्रालय और संचालनालय के लगभग 1,200 अधिकारी-कर्मचारियों को लेकर चलती हैं। अब इन्हीं बसों को विभाजित कर दोनों भवनों के लिए अलग-अलग (Secretariat Bus Service) चलाई जाएगी, ताकि कर्मचारी समय पर पहुंच सकें। बस चालकों के अनुसार, नई व्यवस्था में सभी बसों को सुबह 9:55 बजे तक मंत्रालय परिसर में पहुंचना अनिवार्य होगा।
विधानसभा के लिए तीन नई बसें
उधर, विधानसभा सचिवालय ने भी नवा रायपुर आने-जाने के लिए तीन नई बसें खरीदी हैं। ये बसें पुराने रायपुर में निवासरत कर्मचारियों की सुविधा के लिए चलाई जाएंगी। वर्तमान में विधानसभा के लिए दो बसें संचालित हैं। नई व्यवस्था के तहत दो नवंबर से एक बस विधान नगर आवासीय कालोनी से, जबकि दो बसें पुराने रायपुर के दो अलग-अलग रूट पर (Secretariat Bus Service) चलेंगी। नई परिवहन व्यवस्था से स्टाफ की समयपालन और उपस्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


