पटना में बढ़ते अपराध ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार की दोपहर, जक्कनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दुल्हन बाजार इलाके में सिक्योरिटी एजेंसी चलाने वाले आदित्य कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन हमलावर सीधे आदित्य के पास पहुंचे और बिना किसी बहस या चेतावनी के उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सिर और सीने में लगने के कारण आदित्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गोलीबारी के बाद दहशत का माहौल, पुलिस ने जब्त की बाइक और पिस्टल
घटना के बाद पूरा इलाका अफरातफरी और दहशत के माहौल में डूब गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक देशी पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई है, जो संभवतः अपराधियों की थी।
पुलिस का कहना है कि घटना किसी पुरानी रंजिश या निजी दुश्मनी का नतीजा हो सकती है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
अपराधियों के हौसले बुलंद, पटना में लगातार हो रही संगीन वारदातें
बिहार की राजधानी पटना में पिछले कुछ समय से अपराध की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। हर दिन कहीं न कहीं गोलीबारी, हत्या या लूट की खबर सामने आ रही है। ऐसे में खुलेआम हत्या की यह घटना पुलिस के सुरक्षा दावों पर बड़ा सवालिया निशान है।
स्थानीय लोगों में पुलिस की नाकामी को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है। वहीं, प्रशासन ने दावा किया है कि इस मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।





