सीजी भास्कर, 24 दिसंबर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत रायपुर जिले में अब तक की सबसे बड़ी छंटनी सामने (SIR Voter Verification) आई है। 23 दिसंबर को प्रारंभिक मतदाता सूची जारी की जा रही है, जिसमें रायपुर जिले से करीब 5 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने की प्रक्रिया शामिल है। राज्य में रायपुर ऐसा एकमात्र जिला है, जहां इतने बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में संशोधन किया गया है।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, रायपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में पहले कुल 18 लाख 92 हजार 523 मतदाता दर्ज थे। पुनरीक्षण के दौरान 4 लाख 94 हजार 485 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका। यानी जिले की मतदाता सूची से लगभग हर चौथा वोटर बाहर हो सकता है।
किन कारणों से हटाए जा रहे हैं नाम
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक—
79,405 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
2,88,222 मतदाता जिले से बाहर स्थानांतरित हो चुके हैं और बीएलओ सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले।
1,291 नाम डुप्लीकेट पाए गए, यानी एक ही व्यक्ति का नाम दो बार दर्ज था।
1,12,109 मतदाता ऐसे हैं, जो अपने दर्ज पते पर नहीं मिले और जिनके स्थान परिवर्तन (SIR Voter Verification) की भी पुष्टि नहीं हो सकी। आसपास के लोगों से पूछताछ में जानकारी न मिलने पर इन्हें सी कैटेगरी में रखा गया है।
इन सी कैटेगरी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिला, तो इनके नाम भी अंतिम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे।
23 दिसंबर से ऑनलाइन देख सकेंगे अपना नाम
SIR के पहले चरण के पूरा होने के बाद प्रारूप मतदाता सूची 23 दिसंबर से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वोटर हेल्पलाइन ऐप पर अपलोड कर दी जाएगी।
मतदाता अपने EPIC नंबर के जरिए ऑनलाइन नाम जांच सकेंगे। सूची सर्चेबल मोड में होगी, जिससे कोई भी व्यक्ति नाम, जिला, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड या बूथ नंबर के आधार पर खोज कर सकेगा।
यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं मिलता है, तो वह फॉर्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा प्रस्तुत कर सकता है।
राजनीतिक दलों को भी मिलेगी प्रारूप सूची
प्रारूप मतदाता सूची की दो प्रतियां सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को दी जाएंगी—
एक फोटो सहित मुद्रित हार्ड कॉपी
एक फोटो रहित सॉफ्ट कॉपी
इससे राजनीतिक दल भी अपने स्तर पर सूची का परीक्षण (SIR Voter Verification) कर सकेंगे।
22 जनवरी तक दावा-आपत्ति का समय
23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्तियां ली जाएंगी।
इसी अवधि में सी कैटेगरी मतदाताओं को संबंधित एसडीएम कार्यालय से नोटिस जारी किए जाएंगे।
नोटिस और आपत्तियों पर 14 फरवरी 2026 तक सुनवाई होगी।
इसके बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
कहां देखें ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
ड्राफ्ट मतदाता सूची छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। यहां EPIC नंबर, जिला, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड या बूथ नंबर के माध्यम से नाम खोजा जा सकता है या पूरी सूची डाउनलोड की जा सकती है।
प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम जरूर जांच लें, ताकि अंतिम मतदाता सूची में किसी भी तरह की गलती से बचा जा सके।


