सीजी भास्कर, 17 फरवरी। मैकेनिकल इंजीनियर और व्यवसायी विश्वेश्वरैया नगर निवासी के परिवार से 4 लोग आज अपने फ्लैट में मृत पाए गए हैं। घटना की खबर मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। कर्नाटक के मैसूर में आज सुबह एक अपार्टमेंट में नाबालिग समेत चार लोगों का परिवार मृत पाया गया है। पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय चेतन, उनकी पत्नी रूपाली (43 वर्ष) उनके बेटे कुषाण (15 वर्ष) और चेतन की मां प्रियंवदा (62 वर्ष) के रूप में हुई है।
आपको बता दें मैसूर सिटी पुलिस कमिश्नर सीमा लाटकर, डीसीपी (अपराध और यातायात) एस जाह्नवी ने मौके पर पहुंच फ्लैट का निरीक्षण करने के बाद जानकारी दी कि परिवार दो फ्लैट में रहता था। एक में चेतन का परिवार और दूसरे में उसकी मां। चेतन ने एक डेथ नोट छोड़ा है। मैकेनिकल इंजीनियर चेतन मध्य पूर्व में काम करता था और 2019 में भारत लौट आया। संदेह है कि चेतन ने अपने परिवार के सदस्यों को जहर खिलाया और बाद में खुद को मार डाला। मौत के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। रविवार को वे गोरूर में एक मंदिर गए और लौटते समय मैसूर में रूपाली के घर गए। घर लौटने से पहले उन्होंने खाना खाया। विद्यारण्यपुरम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जांच की जा रही है।
गौरतलब हो कि मौत का सही कारण अभी भी स्पष्ट नहीं है लेकिन पुलिस को संदेह है कि वित्तीय संकट इस घटना की वजह हो सकती है। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भारी कर्ज के कारण चेतन काफी वित्तीय दबाव का सामना कर रहा था। ऐसा माना जाता है कि घटना रविवार की देर शाम को हुई होगी और घटना का खुलासा तब हुआ जब चेतन के एक रिश्तेदार ने पुलिस को सूचित किया। रिश्तेदार को चेतन से एक वॉयस मैसेज मिला जिसमें उसने कथित तौर पर अपनी जान लेने का जिक्र किया था। जांच में पता चला है कि घटना से पहले चेतन ने अपने बहनोई को फोन किया था, जो अमेरिका में रहते हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि परिवार एक दशक से अधिक समय से अपार्टमेंट में रह रहा था। वे सामान्य जीवन जीते थे और हाल के हफ्तों में ऐसा कभी नहीं लगा कि वे परेशान थे। घटनाओं के इस मोड़ ने सोसाइटी के कई लोगों को स्तब्ध कर दिया है क्योंकि परिवार को काफी पसंद किया जाता था। लोगों ने कहा कि ऐसा लगता था कि वे हैपी लाइफ जी रहे थे, ऐसा कदम सचमुच शॉकिंग है।