सीजी भास्कर, 26 नवंबर। रायपुर राजधानी में सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं (Sudhakhor Tomar Brothers) की धमकियों और जबरन वसूली का एक और मामला सामने आया है। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने कारोबारी संजय चांडक की शिकायत पर विरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर के खिलाफ आठवीं FIR दर्ज की है। यह घटना वर्ष 2021 की बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित के अनुसार लगातार धमकियों के कारण वह अब तक मामला दर्ज नहीं करा सका था।
शिकायतकर्ता संजय चांडक ने पुलिस को बताया कि आरोपी विरेंद्र और रोहित तोमर (Sudhakhor Tomar Brothers) उनकी दुकान से धमकी देकर बैडशीट, पर्दे सहित करीब 10 लाख 50 हजार रुपए का सामान ले गए थे। रकम मांगने पर दोनों ने खुद को करणी सेना का अध्यक्ष बताकर दुकान बंद करवाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लगातार दबाव और धमकियों की वजह से व्यापारी मानसिक रूप से परेशान रहा।
रायपुर देवेंद्र नगर पुलिस के अनुसार विरेंद्र सिंह तोमर इस समय जेल में बंद है, जबकि उसका भाई रोहित तोमर पिछले पांच महीनों से फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में यह आठवीं FIR है। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





