सीजी भास्कर 25 जुलाई
जयपुर – जयपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-612 को उड़ान भरने के महज 18 मिनट बाद तकनीकी खामी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान शुक्रवार दोपहर करीब 1:35 बजे टेकऑफ हुआ था, लेकिन कुछ ही देर बाद तकनीकी दिक्कत सामने आई। पायलट ने तत्परता दिखाते हुए फ्लाइट को वापस जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया।
हवा में 18 मिनट तक रही फ्लाइट, फिर लौटना पड़ा वापस
फ्लाइट के टेकऑफ के कुछ ही मिनट बाद कॉकपिट क्रू को संभावित तकनीकी खराबी का अंदेशा हुआ। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तुरंत एटीसी (Air Traffic Control) से संपर्क किया और फ्लाइट को डायवर्ट करने की अनुमति मांगी। करीब 18 मिनट की उड़ान के बाद विमान सुरक्षित रूप से जयपुर लौट आया।
एयर इंडिया की तकनीकी गड़बड़ियों का ग्राफ बढ़ा
हाल के दिनों में एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कई फ्लाइट्स में तकनीकी खराबियों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसी हफ्ते दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई जाने वाली एक अन्य फ्लाइट को टेकऑफ से ठीक पहले रद्द करना पड़ा, जिसमें 160 यात्री सवार थे।
एक ही दिन में दो फ्लाइटों की वापसी
उसी दिन, कोझिकोड से दोहा जा रही फ्लाइट IX-375 को भी उड़ान के करीब दो घंटे बाद तकनीकी कारणों से लौटना पड़ा। उस विमान में 188 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने एयरलाइंस की मेंटेनेंस क्वालिटी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
2025 में अब तक 183 तकनीकी घटनाएं, अकेले एयर इंडिया में 85 केस
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में 21 जुलाई तक देश की पांच बड़ी एयरलाइंस में 183 तकनीकी घटनाएं रिपोर्ट की गई हैं। इनमें से 85 घटनाएं अकेले एयर इंडिया ग्रुप से जुड़ी हैं। बीते 5 वर्षों में एयर इंडिया और उसकी सहयोगी कंपनियों ने कुल 541 तकनीकी खराबियों की जानकारी दी है।