सीजी भास्कर, 13 अप्रैल। दुर्ग जिले में सोमवार सुबह महमरा घाट स्थित शिवनाथ नदी के एनीकेट में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जिला सेनानी और अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। (Dead body of unknown youth)
सुबह करीब 9:30 बजे, 9 सदस्यीय टीम ने बोट की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस को सौंप दिया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि शव लगभग 3 से 4 दिन पुराना है और सड़ने की स्थिति में था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला है।
पुलिस अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
एक और युवक की संदिग्ध मौत : Dead body of unknown youth
इसी बीच जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र से भी एक संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को 12 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि देवरझाल इलाके में 42 साल के यशवंत मरकाम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
ओमप्रकाश मरकाम की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ पाएगा।


