सीजी भास्कर, 06 सितंबर। वैवाहिक रिश्ते को कलंकित करते हुए एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी है।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से यह दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।
पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पत्नी और उसके प्रेमी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
विवाद की जड़ बने अवैध संबंध
घटना चांदा थाना क्षेत्र के किंदिपुर इलाके की है। मृतक की पहचान महेश के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में पुलिस ने कॉल डिटेल खंगाले तो शक की सुई पत्नी पूजा और उसके आशिक जयशंकर पर आकर टिक गई।
दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जहां हत्या की साजिश का राज खुल गया।
पति को रास्ते से हटाने की साजिश
पुलिस पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
उसने स्वीकार किया कि उसका जयशंकर के साथ प्रेम संबंध था, जिसकी भनक पति को लग चुकी थी। इस वजह से आए दिन घर में झगड़े होते थे। लगातार तनाव से परेशान होकर पूजा ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को खत्म करने की योजना बनाई।
शराब पिलाकर की गई हत्या
योजना के अनुसार, बुधवार रात जयशंकर ने महेश को अपने साथ बैठाकर शराब पिलाई। जब महेश नशे में धुत हो गया, तभी मौके पर पत्नी को बुलाया गया।
इसके बाद जयशंकर ने धारदार चाकू से महेश का गला काट दिया, वहीं पत्नी ने ईंट से उसके सीने पर वार किया। घटनास्थल पर ही महेश की मौत हो गई।
इलाके में सनसनी, सख्त कार्रवाई की मांग
हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के परिजनों ने मांग की है कि आरोपी पत्नी और प्रेमी के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।




