कानपुर देहात (उत्तर प्रदेश):
एक दिल दहला देने वाली घटना में पति से रंजिश के चलते एक महिला ने अपने ही मासूम भतीजे की जान ले ली। अब कोर्ट ने महिला को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए 45 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामला कानपुर देहात के बिल्हौर क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने अपने पति को फंसाने की साजिश में पांच महीने के मासूम की हत्या कर दी थी।
क्या है पूरा मामला?
14 नवंबर 2022 को लालूपुरा गांव निवासी रिंकू का पांच महीने का बेटा सुशील अचानक घर के बाहर से लापता हो गया। परिजनों ने पहले काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसके बाद रिंकू ने अपनी बहन सीता और बहनोई देशराज पर अपहरण का शक जताते हुए FIR दर्ज कराई।
नदी से मिला शव, बुआ हुई गिरफ्तार
चार दिन बाद, 18 नवंबर को मासूम सुशील का शव ईशान नदी में बहता मिला। इस खुलासे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जांच में पुलिस को कई सुराग मिले और शक की सुई सीता की तरफ घूमी। पूछताछ में जब सख्ती बढ़ी तो सच्चाई सामने आई — महिला ने खुद ही अपने भतीजे की हत्या की थी।
पति को फंसाने की थी खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि सीता का अपने पति देशराज से घरेलू विवाद चल रहा था और वह अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसने देशराज को झूठे केस में फंसाने के लिए अपने ही भतीजे का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और फिर शव को नदी में फेंक दिया। लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई और पुलिस ने सीता को गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट ने सुनाया सख्त फैसला
इस जघन्य हत्याकांड की सुनवाई स्पेशल जज एंटी डकैती कोर्ट में चली। 24 जुलाई 2025 को कोर्ट ने महिला को दोषी करार दिया और सोमवार, 28 जुलाई को सजा का ऐलान करते हुए उम्रकैद और 45,000 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। यदि जुर्माना नहीं भरा गया तो महिला को अतिरिक्त ढाई साल जेल की सजा भुगतनी होगी।