नारधेश्वर गौधाम विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम : Tree Plantation Program Naradha
सीजी भास्कर, 06 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम नारधा स्थित नारधेश्वर गौधाम में वृक्षारोपण, गौसेवा एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, गौसंवर्धन तथा समाजसेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। (Tree Plantation Program Naradha)

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे छत्तीसगढ़ गौसेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल एवं आयोग के पंजीयक समीर शर्मा के आगमन के साथ हुआ। अतिथियों ने गौधाम में गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती कर उन्हें हरी भाजी खिलाई तथा गौसेवा का संदेश दिया। इसके बाद गौधाम परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

सायं 4 बजे आयोजित मुख्य समारोह में अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा अस्वस्थता के कारण उपस्थित नहीं हो सके। उनके स्थान पर विधायक प्रतिनिधि एवं नारधेश्वर गौधाम के संरक्षक सतीश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भिलाई के वरिष्ठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों की विशेष उपस्थिति रही। (Tree Plantation Program Naradha)
वरिष्ठ पत्रकारों को “सुरभि कलमकार सम्मान
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकारों को “सुरभि कलमकार सम्मान” से सम्मानित किया गया। वहीं समाज, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए गए।
भिलाई प्रेस क्लब के अध्यक्ष अनिल गुप्ता ने सम्मानित अतिथियों एवं चयनित प्रतिभागियों को सम्मान-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को बढ़ावा देने के लिए स्मृति चिन्ह के स्थान पर सभी सम्मानित अतिथियों को पौधे भेंट किए गए।
प्रकृति एवं मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम गौसेवा-साहू
मुख्य अतिथि सतीश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण और गौसेवा प्रकृति एवं मानवता की सेवा के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजन नारधेश्वर गौधाम, ग्राम पंचायत नारधा एवं सर्वोदय मंदिर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, गौसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गौसेवा आयोग अध्यक्ष विशेश्वर पटेल, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, गौसेवा आयोग के पंजीयक समीर शर्मा, भिलाई प्रेस क्लब अध्यक्ष अनिल गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सोनबोइर, अभय जवादे तथा संतोष मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।



