दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दक्षिण-पश्चिम जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक पायलट को गिरफ्तार किया है, जो भीड़भाड़ वाले बाजार में एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 31 वर्षीय मोहित प्रियदर्शी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के आगरा के सिविल लाइंस का रहने वाला है। मोहित एक प्राइवेट एयरलाइंस में पायलट के तौर पर काम करता है। उसके पास से लाइटर के आकार का स्पाई कैमरा बरामद किया गया है, जिससे वह गुप्त तरीके से वीडियो बना रहा था।
बाजार में महिला ने पकड़ा रंगे हाथ
शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि 30 अगस्त की रात करीब 10:20 बजे वह किशनगढ़ गांव के शनि बाजार में मौजूद थी। तभी उसने देखा कि एक शख्स लाइटर जैसे दिखने वाले डिवाइस से उसका आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा है। संदेह होने पर महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
आरोपी ने कबूल किया जुर्म
पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मोहित अविवाहित है और उसने बताया कि वह ऐसे वीडियो निजी संतुष्टि (Self Satisfaction) के लिए बना रहा था।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।





