सीजी भास्कर, 24 अक्टूबर। अलग-अलग कारणों से दो लोगों ने जहर सेवन कर लिया जिससे एक की मौत हो गई जबकि एक अन्य सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गई जबकि घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन के सामने सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पत्नी को गंभीर चोट आई थीं। जिसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना पांढुर्ना की है। यहां जहर के सेवन से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दोनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
कुंडीपुरा टीआई मनोज बघेल ने बताया कि सुबह रेलवे स्टेशन के सामने बाइक सवार जमुनिया निवासी विनोद मरकाम और उसकी पत्नी 35 वर्षीय सरिता मरकाम को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार सरिता को गंभीर चोट आई थी। घायल सरिता को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने सरिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। वहीं पांढुर्ना में अलग-अलग कारणों से एक बुजुर्ग व युवक ने जहर का सेवन कर लिया था। नागपुर ले जाते वक्त रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि ग्राम घोगरी साहनी के 70 वर्षीय विठ्ठल उईके ने अज्ञात कारणों के चलते जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। प्राथमिक इलाज के बाद उसे नागपुर रेफर किया गया था। नागपुर ले जाते वक्त रास्ते में विठ्ठल उईके ने दम तोड़ दिया। एक अन्य मामले में रजाड़ी पिपला पंचायत के ग्राम राखीढाना निवासी आकाश अंतराम ने भी जहर का सेवन कर लिया था। जिसका नागपुर में इलाज चल रहा है।