सीजी भास्कर, 3 नवंबर। चक्रवात मोंथा के कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ में अब बारिश (Weather Update CG) की गतिविधियां लगभग थम गई हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क होने लगा है। मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि अगले 48 घंटों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंडक में हल्की बढ़ोतरी होगी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अब बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं का असर खत्म हो रहा है और उत्तर-पूर्व दिशा से ठंडी व शुष्क हवाएं सक्रिय हो रही हैं। इसका असर साफ तौर पर महसूस किया जा सकेगा रातें ठंडी और दिन सुहाने होने वाले हैं।
राजधानी में सामान्य रहा मौसम
रविवार को पूरे दिन रायपुर में मौसम सामान्य बना रहा। आसमान में हल्के बादल जरूर दिखाई दिए, लेकिन बारिश जैसी कोई स्थिति नहीं बनी। राज्योत्सव और अन्य आयोजनों में भी मौसम पूरी तरह अनुकूल रहा। शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। बिलासपुर में तापमान 23.7 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों दुर्ग, कोरबा, अंबिकापुर और जगदलपुर में भी रात का तापमान 18 से 24 डिग्री के बीच रहा।
(Weather Update CG) अब आएगी तापमान में गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। इससे सुबह और रात में ठंडक का अहसास बढ़ेगा, जबकि दिन में हल्की गर्माहट बनी रहेगी। फिलहाल हवा की नमी में भी कमी दर्ज की जा रही है, जिससे आर्द्रता घटने के साथ मौसम और शुष्क होगा। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल किसी भी हिस्से के लिए कोई वर्षा अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले सप्ताहभर तक पूरे प्रदेश में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। केवल कुछ पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है।
कृषि के लिए अनुकूल रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों का मौसम किसानों के लिए अनुकूल रहेगा। ठंडक बढ़ने से रबी फसलों की बुवाई की स्थिति बेहतर होगी, वहीं नमी कम होने से खेतों में कटाई का काम भी तेज़ी से चल सकेगा।
