सीजी भास्कर, 29 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि “युवा अपने लिए दिशा तय करें, मंजिल निर्धारित करें और खुद को सीमाओं में न बांधें। उड़ान के लिए पूरा आकाश खुला है। बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ने वालों को ही सफलता मिलती है।”
वे मंगलवार को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित अंतर-महाविद्यालयीन युवा उत्सव (Youth Festival Raipur) के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय इस महोत्सव में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों के 953 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जो 29 से 31 अक्टूबर तक नृत्य, संगीत, साहित्य, थिएटर और फाइन आर्ट्स जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
श्री साव ने कहा कि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों में शिक्षा का ऐतिहासिक केंद्र रहा है। यहां से निकले विद्यार्थी देश-विदेश में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है और देश की उम्मीदें युवाओं से हैं। “यह मंच केवल प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और नेतृत्व के विकास का अवसर है। आप जीते या हारे, इस सहभागिता से बहुत कुछ सीखेंगे।”
नवाचार और रोजगार पर फोकस
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला ने कहा कि संस्थान उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण निर्मित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अगस्त 2025 में विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त हुआ है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सभी पाठ्यक्रमों में इंटर्नशिप अनिवार्य की गई है। पिछले ढाई वर्षों में 16 नए रोजगारमुखी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, साथ ही इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन सेंटर भी स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अंतर-महाविद्यालयीन युवा उत्सव के विजेता विद्यार्थी एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा आयोजित अखिल भारतीय युवा प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
(Youth Festival Raipur) 953 युवा, पांच विधाओं में मुकाबला
इस तीन दिवसीय युवा उत्सव में विभिन्न कॉलेजों के कुल 953 छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें गीत-संगीत में 177, नृत्य में 373, साहित्य में 82, फाइन आर्ट्स में 107 और थिएटर में 204 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस सांस्कृतिक उत्सव में युवा अपनी सृजनात्मकता और हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।
शुभारंभ कार्यक्रम में प्रो. राजीव चौधरी (छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं समन्वयक), प्रो. अम्बर व्यास (कुल सचिव), प्रो. ए.के. श्रीवास्तव (कुल अनुशासक), डॉ. सुनील कुमेटी, विभिन्न कॉलेजों से आए प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।


