सीजी भास्कर, 14 मई : राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद दिनदहाड़े गुंडागर्दी और लूटपाट (Tikrapara Robbery Case) का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक्टिवा सवार युवकों ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर अपने अन्य साथियों को बुलाकर बाइक सवार दो दोस्तों को बंधक बना लिया। आरोपी उन्हें एक सुनसान इलाके में ले गए, जहाँ प्लास्टिक पाइप और मुक्कों से बेदम पिटाई करने के बाद उनकी जेब में रखे ₹15,350 लूट लिए। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद खुद ही करने लगे विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रावाभाठा (बजरंग चौक, खमतराई) निवासी प्रार्थी लक्की ठाकुर पानी टंकी सफाई का काम करता है। वह अपने दोस्त दिलीप पटेल के साथ बाइक से कमल विहार इलाके में टाइल्स खरीदने गया था। दोपहर करीब 12:15 बजे जैसे ही दोनों कमल होटल के सामने पहुंचे, तभी तेज और लापरवाही से आ रहे दो एक्टिवा सवार युवकों ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद एक्टिवा सवार युवक अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा लक्की और दिलीप से ही विवाद करने लगे। वे उनके वाहन को नुकसान पहुंचने का दावा करते हुए पैसों की मांग पर अड़ गए।
साथियों को बुलाकर सुनसान जगह ले गए
जब लक्की ने पैसे देने से मना किया और कहा कि गलती उनकी नहीं है, तो आरोपियों (Tikrapara Robbery Case) ने फोन कर अपने और साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में दो और युवक बाइक से वहां पहुंचे और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और दोनों दोस्तों को जबरन अगवा कर कमल विहार के एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने प्लास्टिक के पाइप और लात-मुक्कों से दोनों की बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस ने दर्ज किया केस Tikrapara Robbery Case
पिटाई के दौरान चारों आरोपी आपस में एक-दूसरे का नाम आरिफ, अभिषेक, साहिल और लोकनाथ लेकर बात कर रहे थे, जिससे पीड़ितों को उनके नाम पता चल गए। मारपीट करते हुए आरोपियों ने लक्की की जेब में रखे 15,350 नकद जबरन लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। किसी तरह जान बचाकर दोनों पीड़ित वापस कमल होटल पहुंचे और परिजनों को आपबीती बताई। टिकरापारा पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है।



