दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर की 11 दान पेटियां करीब 8 महीने बाद खोली गईं। शारदीय नवरात्र से पहले सोमवार को हुई गिनती में दान पेटियों से 21 लाख 62 हजार 331 रुपए नकद मिले। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण और श्रद्धालुओं की ओर से मां के नाम लिखे गए मन्नत के पत्र भी मिले हैं।
दान पेटियों से प्राप्त आभूषण और अन्य सामग्री को सुरक्षित रखा गया है। श्रद्धालुओं ने नौकरी, संतान प्राप्ति और अन्य मनोकामनाओं से जुड़े पत्र भी पेटियों में डाले थे। इन पत्रों को भी दान पेटियां खोलने के दौरान निकाला गया।
पिछली बार से 2.17 लाख रुपए ज्यादा मिले
मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटियां इससे पहले 28 जनवरी 2026 को खोली गई थीं। उस समय 19 लाख 44 हजार 448 रुपए नकद मिले थे। इस बार 2 लाख 17 हजार 883 रुपए अधिक राशि प्राप्त हुई है।
मंदिर की दान पेटियां आमतौर पर साल में करीब दो बार खोली जाती हैं। शारदीय नवरात्र, चैत्र नवरात्र, नए साल और फागुन मेले के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान भक्त अपनी मनोकामना के अनुसार नकद राशि के साथ सोने-चांदी के आभूषण भी अर्पित करते हैं।
नवरात्र से पहले मंदिर में तैयारियां तेज
शारदीय नवरात्र को देखते हुए मंदिर परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। साफ-सफाई और सजावट के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं पर काम किया जा रहा है।
नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दंतेवाड़ा पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंधन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।



