सीजी भास्कर, बीजापुर, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नेशनल हाईवे-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की लूट की सनसनीखेज सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था। लेकिन 100 से अधिक CCTV कैमरों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरे मामले की कहानी पलट दी। पुलिस जांच में कथित लूट (Bijapur Fake Robbery Case) फर्जी निकली। पुलिस के मुताबिक कर्ज के दबाव से परेशान ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी ने लूट की झूठी कहानी रची थी और इसमें अपने दो साथियों को भी शामिल कर लिया था।
यह भी पढ़ें : Mahadev Betting App Case : सौरभ चंद्राकर आज रायपुर लाया जा सकता है, कल होगी पेशी; CBI रिमांड खत्म
थाने पहुंचकर सुनाई दो करोड़ की कहानी
पुलिस के अनुसार 9 नवंबर 2026 को गीदम निवासी और भैरमगढ़ में ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था। शिकायत के मुताबिक शाम करीब 6 बजे पांडे मुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर जंगल की ओर से आए तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर वाहन रुकवाया। इसके बाद बैग में रखे करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और तीनों के मोबाइल फोन लूटकर जंगल की ओर भाग गए।
100 CCTV कैमरे खंगाले, 16 घंटे नाकेबंदी
दो करोड़ रुपये की लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की तलाश में करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी भी की गई
जंगल में सुरक्षित मिले तीनों मोबाइल
जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन की लोकेशन हाईवे से लगे जंगल में मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो तीनों मोबाइल एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में मिले। इस घटनाक्रम से पुलिस का संदेह गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने कथित पीड़ितों की पृष्ठभूमि की जांच की और तीनों से अलग-अलग पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की दिशा बदल दी।
यह भी पढ़ें : Kulgam Terror Attack : नाके पर तैनात CRPF जवानों पर बाइक सवार हमलावरों की ताबड़तोड़ फायरिंग! 3 जवान घायल, दो की हालत गंभीर
कर्ज के दबाव में रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी पर भारी कर्ज था और उसे चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक वह कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था। इसी दबाव से बचने के लिए उसने दो करोड़ रुपये की लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की। आरोप है कि इस कहानी में उसने अपने साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ और वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी शामिल कर लिया था। लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने के बाद कथित लूट की सूचना झूठी और मनगढ़ंत निकली।
यह भी पढ़ें : Stabbing incident in Raipur : रायपुर में टक्कर का विरोध करने पर युवक को चाकू मारा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग भी
झूठी सूचना देने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने या किसी घटना की झूठी सूचना देने से बचें। इस तरह की झूठी रिपोर्ट देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें : Bhilai Crime : नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गए तीन युवक, दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज
तीन थाना प्रभारियों की टीम ने खोला मामला
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल और भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन एक्का के निर्देशन में की गई। मामले के खुलासे में बीजापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल की टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें : Assam Train Accident: असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे का शिकार! इंजन समेत 5 कोच पटरी से उतरे



