सीजी भास्कर, रायपुर, 29 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी अस्पतालों के लिए आयुर्वेदिक दवाओं की खरीदी (Chhattisgarh Ayurvedic Medicine Purchase) में कीमतों का बड़ा अंतर सामने आया है। एक पड़ताल के मुताबिक, केंद्र सरकार का कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) जिस आयुर्वेदिक रसायन कैप्सूल को 60 रुपए में खरीद रहा है, उसी दवा के लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) 925 रुपए तक चुका रहा है। यानी राज्य में इसकी खरीदी केंद्र की मौजूदा दर से 15 गुना से भी अधिक कीमत पर होने का दावा किया गया है।
ईएसआईसी और सीजीएमएससी के रेट कॉन्ट्रैक्ट की तुलना में 91 आयुर्वेदिक दवाओं और सिरप की कीमतों में बड़ा अंतर बताया गया है। इनमें कई दवाएं केंद्र की दरों से 6 से 15 गुना तक महंगी खरीदी जा रही हैं। ईएसआईसी ने 12 अगस्त 2026 को 191 आयुर्वेदिक दवाओं का नया रेट कॉन्ट्रैक्ट जारी किया था, जबकि छत्तीसगढ़ में पुराने अनुबंध की अवधि बढ़ाकर खरीदी जारी रखी गई।
यह भी पढ़ें : Raipur Nala Encroachment : रेलवे स्टेशन के पीछे नाले की जमीन पर कब्जे की कोशिश, टीन शेड और बांस-बल्ली लगाकर घेर रहे जगह
50 करोड़ की खरीदी
पड़ताल के अनुसार, पिछले तीन साल में करीब 50 करोड़ रुपए की आयुर्वेदिक दवाएं खरीदी गईं। दावा है कि यदि इन्हीं दवाओं की खरीदी केंद्र की मौजूदा दरों पर की जाती तो 55 प्रतिशत से अधिक यानी करीब 27.5 करोड़ रुपए की बचत हो सकती थी। यह अनुमान ईएसआईसी और सीजीएमएससी की दरों की तुलना पर आधारित बताया गया है। अधिक कीमत पर खरीदे गए कई कैप्सूल की आपूर्ति जमुना हर्बल रिसर्च लिमिटेड और जमुना फार्मास्यूटिकल्स ने की है। ईएसआईसी के टेंडर में भी इसी कंपनी की तीन दवाएं स्वीकृत हुई हैं, लेकिन वहां उनकी दरें छत्तीसगढ़ की तुलना में काफी कम बताई गई हैं।
यह भी पढ़ें : Raipur VIP Road Accident : 20 महीने में 55 हादसे, 16 मौतें; 156 करोड़ का एलिवेटेड कॉरिडोर 3 साल से फाइलों में कैद
एक दवा, आठ गुना दाम
ड्रग कोड AYUSHP109 वाले यकृत-प्लीहा विकार के कैप्सूल की कीमत में बड़ा अंतर सामने आया है। जमुना कंपनी ने यह दवा सीजीएमएससी को 375 रुपए प्रति यूनिट की दर से सप्लाई की, जबकि ईएसआईसी में इसी कंपनी के उत्पाद की दर 47.50 रुपए बताई गई है। इस तुलना के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में एक ही कंपनी की दवा के लिए करीब आठ गुना अधिक कीमत चुकाई गई।
पुराने रेट पर खरीदी
सूत्रों के मुताबिक, ईएसआईसी का नया रेट कॉन्ट्रैक्ट जारी होने के बाद सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक और स्वास्थ्य सचिव से खरीदी दरों में अंतर को लेकर शिकायत की गई थी। इसके साथ संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए थे। इसके बावजूद दरों में संशोधन नहीं किया गया और नया टेंडर जारी करने के बजाय पुराने रेट कॉन्ट्रैक्ट की अवधि बढ़ाकर खरीदी जारी रखी गई।
यह भी पढ़ें : Bhupesh Baghel On Delimitation : परिसीमन के बहाने सत्ता पर कब्जे की कोशिश! भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार को घेरा
मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि महंगी दरों पर दवाओं की खरीदी की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले मिली शिकायतों की जांच के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। मंत्री ने संबंधित दवाओं की विस्तृत जानकारी भी मांगी है। पुराने अनुबंध को बार-बार विस्तार देने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में देरी हो जाती है। दवाओं की कमी न हो, इसलिए अनुबंध की अवधि बढ़ाकर खरीदी जारी रखी गई। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि दरों में इतना अंतर क्यों रहा और खरीदी प्रक्रिया में किन स्तरों पर निर्णय लिए गए।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Delimitation 2026 : परिसीमन में रायपुर को सबसे बड़ा फायदा! 28 जिलों का बदलेगा गणित



