सीजी भास्कर, 17 जुलाई |
रायपुर, छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली से 50 रुपए के पेट्रोल को लेकर हुए विवाद में पेट्रोल पंप के मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना सोमवार देर रात उमरिया गांव स्थित एक पेट्रोल पंप की है।
जानकारी के अनुसार, अभनपुर के रहने वाले दो युवक — समीर टंडन (21) और कुनाल तिवारी (24) — बाइक में 50 रुपए का पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। उन्होंने 200 रुपए का नोट दिया, लेकिन चिल्लर के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ गया। बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों ने पहले एक कर्मचारी अनिल गायकवाड़ (22) पर चाकू से हमला कर कैश लूट लिया।
मदद को आया मैनेजर, चाकुओं से किया हमला
शोर सुनकर जब पेट्रोल पंप के मैनेजर योगेश मिरी (26) बाहर आए और आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। चाकू सीधे गले पर लगने से योगेश मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं अनिल गायकवाड़ का इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिले सुराग
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सीनियर अफसरों के निर्देशन में तफ्तीश तेज की। सीसीटीवी फुटेज और लोकल मुखबिर की मदद से आरोपियों की पहचान हुई और महज 6 घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू और बाइक भी जब्त कर ली है।
आम जनता में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रायपुर शहर में आक्रोश का माहौल है। लोग पेट्रोल पंप जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





