सीजी भास्कर, रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Letter to Vishnu Deo Sai) ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पत्र में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ से अपने पुराने जुड़ाव, राज्य की संस्कृति और विकास यात्रा का उल्लेख किया है। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता, बस्तर में हो रहे बदलाव, रेल-सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए संचालित योजनाओं का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह भी पढ़ें : Durg Police Action : सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर पुलिस की सख्ती, एक दिन में 27 प्रकरण दर्ज
अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
प्रधानमंत्री ने पत्र में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में 26 साल पहले छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस फैसले से प्रदेश के लाखों लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षाएं पूरी हुईं और विकास की नई यात्रा शुरू हुई।
उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के दिनों से ही प्रदेश से उनका विशेष लगाव रहा है। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय से उन्हें यहां आने का अवसर मिलता रहा। सरगुजा के वनांचलों से लेकर बस्तर तक की यात्राओं में उन्होंने प्रदेश की संस्कृति और जनजीवन को करीब से जाना।
यह भी पढ़ें : Khursipar Drug Case : नशे के अवैध कारोबार में फरार ऋषि बाबा गिरफ्तार, पहले पकड़े जा चुके हैं 10 आरोपी
नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि पहले नक्सलवाद के रेड कॉरिडोर के रूप में पहचाने जाने वाले क्षेत्र अब शांति, विश्वास और विकास के नए केंद्र बन रहे हैं।
पत्र में बस्तर के बदलाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। बस्तर ओलंपिक को इस बदलाव का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने नियद नेल्ला नार, आजीविका उन्नयन योजना और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर जैसी पहलों का भी जिक्र किया।
यह भी पढ़ें : UltraTech Cement Fraud : इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखते ही आया फोन, 1400 बोरी सीमेंट के ऑर्डर पर कारोबारी से 4.13 लाख की ठगी
रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि 25 साल पहले दिल्ली और रायपुर के बीच दिनभर में केवल एक उड़ान उपलब्ध थी, जबकि अब प्रदेश में चार आधुनिक हवाई अड्डों का नेटवर्क है। पत्र के मुताबिक, राज्य में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी रेल सेवाओं का भी उल्लेख किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के कारण रायपुर और बिलासपुर के बीच यात्रा का समय लगभग आधा हुआ है। विशाखापत्तनम और रांची-धनबाद को जोड़ने वाले निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे से भविष्य में कनेक्टिविटी, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
गरीबों और जनजातीय समाज पर फोकस
प्रधानमंत्री ने संत गुरु घासीदास के संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की नीतियां समाज के सभी वर्गों के विकास के उद्देश्य से बनाई जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के जरिए दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का जिक्र किया।
पत्र में प्रधानमंत्री ने बताया कि राज्य में 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क अनाज दिया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूरा होने, 41 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने और करीब 40 लाख परिवारों को गैस कनेक्शन मिलने का भी उल्लेख किया गया। करीब ढाई करोड़ आयुष्मान कार्डों के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें : Rajyotsav Award List 2026 : छत्तीसगढ़ की 36 विभूतियों को मिलेगा राज्य सम्मान, जानिए किसे कौन-सा पुरस्कार मिला
किसानों और महिलाओं की योजनाओं का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में कृषि की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था से 25 लाख से अधिक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने दंतेवाड़ा जैसे आकांक्षी क्षेत्रों में कृषि को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का भी उल्लेख किया।
महिलाओं के सशक्तिकरण के संदर्भ में महतारी वंदन योजना (PM Modi Letter to Vishnu Deo Sai) का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने एक हजार रुपये भेजे जा रहे हैं। उनके मुताबिक, इससे महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है और परिवार तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Development Journey : 26 साल में बदली छत्तीसगढ़ की तस्वीर, बजट 7,294 करोड़ से बढ़कर 1.72 लाख करोड़
युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति को प्रदेश की महत्वपूर्ण पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि एम्स, आईआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएम और निफ्ट जैसे संस्थान युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। पत्र में पीएम-सेतु और प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के जरिए कौशल विकास पर जोर देने की बात कही गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप छत्तीसगढ़ी, गोंडी, हल्बी और सरगुजिहा जैसी स्थानीय भाषाओं एवं बोलियों में प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया।
नवा रायपुर में तकनीक और उद्योग
प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर के आधुनिक शहर के रूप में उभरने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन के अनुरूप नई तकनीक से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का उल्लेख किया। पत्र में फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, बिजली, एल्युमिनियम और स्टील जैसे क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं की बात कही गई। नवा रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 2.0 और ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट का भी जिक्र किया गया।
संस्कृति और ‘अंजोर विजन’ का जिक्र
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने प्रदेश को भगवान श्रीराम का ननिहाल और संत गुरु घासीदास की जन्मभूमि बताते हुए कबीरपंथ की परंपरा का उल्लेख किया। पद्म विभूषण तीजन बाई की पंडवानी, लोककलाओं, लोकभाषाओं और जनजातीय परंपराओं को भी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बताया। पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार के विजन डॉक्यूमेंट ‘अंजोर विजन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश की विकास यात्रा आगे बढ़ेगी और छत्तीसगढ़ देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा। अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित प्रदेश के सभी नागरिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।



