रिपोर्टर: विक्की कश्यप, तखतपुर
सीजी भास्कर, 09 मार्च। बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और तखतपुर पुलिस को बड़ी सफलता (Cg Police Drug Raid) मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने देवार पारा क्षेत्र से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
मुखबिर की सूचना पर बनाई गई योजना
पुलिस को सूचना मिली थी कि तखतपुर नगर के वार्ड क्रमांक 12, देवार मोहल्ला में एक युवक बाहरी राज्यों से नशीले पदार्थ लाकर स्थानीय युवाओं को सप्लाई कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच बिलासपुर की टीम तत्काल तखतपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की रणनीति बनाई।
ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर उसके ठिकाने तक पहुंचने की योजना बनाई। जैसे ही सौदे की बात तय हुई, पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े खुलासे
गिरफ्तार युवक को तखतपुर थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में उसका मुख्य सप्लायर कौन है और तखतपुर समेत जिले के किन-किन इलाकों में वह नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से नशे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।





