सीजी भास्कर 24 अप्रैल
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी और आगजनी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी की गई बाइक को सबूत मिटाने के उद्देश्य से आग के हवाले कर दिया था।
21 अप्रैल को दर्ज हुई थी चोरी की रिपोर्ट
यह मामला 21 अप्रैल को सामने आया, जब चिलमा निवासी जय सिंह (36) ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 30 C 2167) को अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर के आंगन से चोरी कर लिया था।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी की पहचान
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और गवाहों के बयान लिए गए। इसके साथ ही मुखबिर की सूचना के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई।
आरोपी ने किया अपराध स्वीकार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भेंडरी, थाना पस्ता निवासी अजय कुमार चेरवा (23) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बाइक चोरी करने और सबूत मिटाने के लिए उसमें आग लगाने की बात स्वीकार की।
जली हुई बाइक बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
आरोपी की निशानदेही पर जली हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर जब्त किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 326(एफ) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


