सीजी भास्कर, 06 जनवरी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा पूर्व में दिए गए नोटिस के अनुसार सोमवार को एम्स रायपुर में धरना-प्रदर्शन (AIIMS Raipur Protest) किया गया।
इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने एम्स प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे से अधिक चली चर्चा के बाद एम्स प्रबंधन द्वारा तीन माह के भीतर सभी मांगों पर सार्थक समाधान निकालने का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ।

सुबह से ही एम्स रायपुर के गेट नंबर-1 पर लोजपा (रा) के प्रदेश अध्यक्ष साजू वी. थॉमस, जिला व प्रदेश पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हो गए थे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता प्रशासनिक कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने डटे रहकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा।
एम्स प्रबंधन (AIIMS Raipur Protest) की ओर से प्रारंभ में दो सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को चर्चा के लिए बुलाया गया, लेकिन रायपुर जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल से ही वार्ता की मांग की। इसके बाद एम्स प्रशासन द्वारा चार सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल भेजा गया।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल डी.एस. चौहान, उप निदेशक (प्रशासन) से मांग पत्र में शामिल सभी बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई। यह चर्चा एक घंटे से अधिक समय तक चली, जिसमें मरीजों की सुविधाओं, संसाधनों की कमी और व्यवस्थागत सुधारों पर विस्तार से विचार किया गया।

चर्चा के अंत में एम्स प्रशासन ने सभी प्रमुख मांगों को तीन महीने के भीतर पूर्ण करने का आश्वासन दिया, जिसे सकारात्मक मानते हुए पार्टी ने धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की।
AIIMS Raipur Protest चर्चा में निकले प्रमुख निष्कर्ष
इमरजेंसी में दुर्घटना एवं आगजनी के मामलों से आने वाले मरीजों के लिए अलग व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने जानकारी दी कि 150 अतिरिक्त स्ट्रेचर की व्यवस्था की जा चुकी है।
मरीजों के लिए व्हीलचेयर की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बर्न यूनिट को अलग से विकसित किया जा रहा है।
नियोनेटल यूनिट में 15 नए इनक्यूबेटर चार महीने के भीतर लगाए जाएंगे। IVR यूनिट चालू कर दी गई है तथा बोन मैरो ट्रांसप्लांट सुविधा भी शीघ्र शुरू की जाएगी।
नया रायपुर में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर एवं कैंसर की अलग यूनिट खोली जाएगी।
वर्तमान में उपलब्ध एक MRI और दो CT Scan मशीनों के अलावा, तीन माह के भीतर तीन नई MRI और तीन CT Scan मशीनें खरीदी जाएंगी।
एम्स परिसर स्थित मेडिकल स्टोर में लंबी कतारों की समस्या को देखते हुए अन्य एजेंसियों को भी ठेका दिया जाएगा, जिससे एकाधिकार खत्म हो और सभी दवाइयां उपलब्ध रहें।
काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए ऑटोमेशन सिस्टम लागू किया जाएगा।
संपूर्ण टेस्टिंग लैब को एक ही परिसर में विकसित किया जाएगा, जिससे मरीजों को अलग-अलग स्थानों पर न जाना पड़े।
पार्किंग शुल्क को लेकर यह प्रस्ताव रखा गया कि मरीजों और परिजनों के लिए कम दर पर 24 घंटे की पार्किंग सुविधा चिकित्सा कार्ड देखकर दी जाए, जिससे बाहरी लोग पार्किंग का दुरुपयोग न कर सकें।




