सीजी भास्कर, 21 जुलाई। Bangladesh plane crash : बांग्लादेश में सोमवार को हुई हृदय विदारक घटना में वायुसेना का प्रशिक्षण देने वाला विमान स्कूल भवन पर गिर गया। घटना में 19 लोग मारे गए हैं और 164 घायल हुए हैं। हताहतों में ज्यादातर बच्चे हैं। जिस समय दुर्घटना हुई उसके कुछ देर बाद ही छुट्टी होने वाली थी। यह दुर्घटना कुछ वैसे ही हुई जैसे कि जून में अहमदाबाद में लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एअर इंडिया का विमान महज 35 सेकेंड बाद मेडिकल कालेज भवन पर क्रैश हो गया था। उस दुर्घटना में 260 लोग मारे गए थे।
चीन में बना एफ-7 बीजीआइ प्रशिक्षण विमान दोपहर को 1.06 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान राजधानी ढाका के नजदीक बने वायुसेना अड्डे से उड़ा था और ढाका उत्तर में स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कालेज परिसर में जा गिरा। विमान स्कूल के जिस हिस्से पर गिरा वहां कक्षा एक से सात तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं चल रही थीं और कुछ ही देर में उनकी छुट्टी होने वाली थी।
अग्निशमन और नागरिक सुरक्षा विभाग के महानिदेशक ब्रिगेडियर जनरल जाहेद कमाल ने बताया है कि घटना में 19 लोग मारे गए हैं और 164 घायल हुए हैं जिनमें से 50 की दशा चिंताजनक है। घायलों को ढाका के मिलिट्री हास्पिटल और अन्य अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। विमान के पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट मुहम्मद तौकीर इस्लाम भी घायल हुए हैं और आइसीयू में उनका इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर मलबे को हटाने और पीड़ितों की तलाश का काम जारी है।
प्रशिक्षण विमान तेज आवाज के साथ चार मंजिले स्कूल भवन पर गिरा और तत्काल वहां पर भीषण आग लग गई। वहां पर चीख-पुकार और अफरातफरी का मंजर बन गया। धूल-धुंए-आग के ऐसे हालात बने कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ क्षणों तक समझ नहीं आया कि मदद के लिए वे क्या करें। दुर्घटना की सूचना मिलने पर कुछ ही देर में पुलिस, अग्निशमन विभाग के दस्ते, एंबुलेंस और वायुसेना के हेलीकाप्टर मौके पर पहुंच गए। बांग्लादेश के अंतरिम प्रधानमंत्री मुहम्मद यूनुस ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। सरकार ने एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।


