सीजी भास्कर 3 सितम्बर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 वर्षीय महिला ने पति के अवैध संबंधों और ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
मृतका की पहचान पूजाश्री के रूप में हुई है। यह मामला बागलगुंटे थाना क्षेत्र के सिद्देहल्लि इलाके का है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, पूजाश्री की शादी तीन साल पहले नंदीश नामक युवक से माता-पिता की मर्जी से हुई थी। दोनों की एक मासूम बेटी भी है। नंदीश एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है, जबकि पूजाश्री एक निजी बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत थीं।
अवैध संबंध का आरोप
कुछ समय पहले पूजाश्री को पता चला कि उनका पति पिछले एक साल से किसी और महिला के साथ अवैध संबंध में है। जब पूजाश्री ने इस पर सवाल किया तो नंदीश ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि पति के साथ-साथ सास ने भी बहू को ताने देना शुरू कर दिए और दहेज लाने की बात कही।
मायके गई, फिर लौट आई
तनाव बढ़ने पर पूजाश्री अपने मायके चली गईं। परिवार की पहल पर कई बार समझौता हुआ और नंदीश ने वादा किया कि आगे से वह पत्नी को परेशान नहीं करेगा। इसके बाद पूजाश्री फिर से अपने पति के घर लौट आईं।
लेकिन तीन दिन पहले फिर से विवाद बढ़ा और नंदीश ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसके बाद पूजाश्री दोबारा मायके चली गईं। पति उन्हें मनाकर फिर ससुराल ले आया, लेकिन अगली सुबह उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला।
पुलिस ने किया केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के परिजनों की शिकायत पर बागलगुंटे थाने में दहेज उत्पीड़न और उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने पति नंदीश को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।