सीजी भास्कर, 14 जून : वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदा नगर कैंप-1 में रविवार को पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत (Bhilai Couple Death Case) का मामला सामने आया है। घर के भीतर दोनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
मृतकों की पहचान जी वेंकटरमण मूर्ति (55) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला, जबकि वेंकटरमण मूर्ति का शव अंदर के कमरे में नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
कमरे में मिला पत्नी का शव, फंदे पर लटका मिला पति
पुलिस को सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर सामने वाले कमरे में महिला का शव मिला, जबकि दूसरे कमरे में पति का शव फंदे पर लटका हुआ था। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
घरेलू विवाद की आशंका, जांच जारी
मृतक के छोटे भाई जी माधव राव की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वेंकटरमण मूर्ति ऑटो चालक थे और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।





