सीजी भास्कर 24 अप्रैल
कोरबा में गुरुवार शाम एक तालाब से युवक का शव बरामद हुआ। दशहरा मैदान के सामने स्थित तालाब में नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में तैरता शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकलवाया। यह मामला सर्वमंगला पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
बिलासपुर निवासी युवक की हुई पहचान
मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी 25 वर्षीय केशव यादव के रूप में हुई है। वह कुसमुंडा खदान और बरमपुर क्षेत्र के आसपास रहता था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था, हालांकि नियमित रूप से काम पर नहीं जाता था।
स्थानीय लोगों के बीच था परिचित
स्थानीय लोगों के मुताबिक, केशव अक्सर बरमपुर इलाके में घूमता नजर आता था और कुत्तों व गायों को बिस्किट-रोटी खिलाता था। वह कई बार तालाब में नहाने भी जाता था। फिलहाल उसकी मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
शराब की लत, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि केशव को शराब पीने की आदत थी। सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी के अनुसार, परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे बिलासपुर से कोरबा पहुंच चुके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


