रायपुर। Chhattisgarh Weather Alert: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि (Weather Update) की संभावना जताई है। अचानक बदले इस मौसम के चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
तापमान सामान्य, कुछ जगहों पर हल्की बारिश
प्रदेश में फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है, हालांकि एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 40.0°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 16.9°C रिकॉर्ड हुआ।
अगले 5 दिन स्थिर रहेगा तापमान, फिर गिरावट संभव
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट देखने को मिल सकती है।
बताया गया है कि उत्तरी ओडिशा से सटे दक्षिण गंगा क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल के ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
30-40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात (Thunderstorm Warning) की संभावना भी बनी हुई है।
आने वाले दो दिनों में यह असर और बढ़ सकता है, जहां हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।
रायपुर में आंशिक बादल, बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 27 मार्च को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
यहां अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।


