Congress Organisation Creation Drive : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए छह राज्यों — बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय — के लिए ऑब्जर्वरों की नई सूची जारी की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के चार वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश में तीन नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की कमान छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को दी गई है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। तीनों नेता मिलकर प्रदेश में कांग्रेस संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की रणनीति पर काम करेंगे।
नागालैंड में उमेश पटेल बने ऑब्जर्वर
पूर्व मंत्री उमेश पटेल को नागालैंड का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उन्हें वहां संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, स्थानीय नेतृत्व से संवाद बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, पूर्वोत्तर राज्यों में संगठन को धार देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जमीनी संगठन को मजबूत करने पर फोकस
संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस को बूथ से लेकर जिला स्तर तक मजबूत करना है। इसके तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को अधिक पारदर्शी और लोकतांत्रिक बनाने तथा चुनावी तैयारी को समय रहते पुख्ता करने की योजना बनाई गई है।
अनुभव के सहारे नई ऊर्जा लाने की कोशिश
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अलग-अलग राज्यों में अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देने से संगठनात्मक अनुभव का लाभ मिलेगा। इससे न केवल स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा, बल्कि कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा और कार्यकुशलता भी देखने को मिलेगी।


